
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भुइयांडीह बाबरी बस्ती में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बीमारी से परेशान 38 वर्षीय जोशी बाउरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 8 बजे की है। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी और मां उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थीं। जब वे घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नजारा देख सब सन्न रह गए—जोशी बाउरी पंखे से लटके हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि जोशी बाउरी भुइयांडीह में एक लकड़ी टाल में काम करते थे और बीते एक सप्ताह से बीमारी से जूझ रहे थे। वे मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे। मृतक अपने पीछे एक छोटा बेटा और गर्भवती पत्नी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

