
उदित वाणी, जमशेदपुर : बुधवार दोपहर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के बाहर छात्रों के बीच मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई. इस घटना में स्कूल का छात्र तौसीफ खान गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
सूत्रों के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद तौसीफ और आरोपी छात्र सीढ़ियों से उतर रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच हल्की टक्कर हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. बात बढ़ने पर आरोपी छात्र ने फोन कर अपने दोस्तों को बुला लिया. कुछ देर बाद उसके साथी स्कूल गेट के बाहर पहुंच गए और तौसीफ के स्कूल से बाहर निकलते ही उस पर हमला कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले आरोपियों ने तौसीफ के साथ मारपीट की और फिर एक छात्र ने चाकू निकालकर उसकी पीठ पर वार कर दिया. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घायल तौसीफ को शिक्षकों और छात्रों की मदद से तुरंत टीएमएच ले जाया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना स्कूल के बाहर हुई है और इसमें शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है. स्कूल प्रशासन ने भी पुलिस को आवश्यक सहयोग देने की बात कही है. इस घटना से छात्रों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है. फिलहाल घायल छात्र की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

