
उदित वाणी, कोलाबीरा : सरायकेला खरसावां जिला के नीमडीह थाना क्षेत्र के लाकड़ी गांव स्थित मकलीकोचा टोला में एक युवक की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. रविवार शाम घर से निकले युवक सोनू मांझी का शव सोमवार की सुबह झाड़ियों में मिलने पर ग्रामीणों में दहशत फैल गई. मृतक की पहचान सुकु माझी के पुत्र सोनू मांझी के रूप में हुई है.
परिजनों ने बताया कि सोनू मांझी रविवार को घर से बाहर निकला था और वापस नहीं लौटा. मृतक के भाई ने उसकी तलाश में खून के धब्बों का पीछा करते हुए झाड़ियों में उसका शव पाया. घटना की सूचना मुखिया प्रतिनिधि ने नीमडीह थाना पुलिस को दी. पुलिस ने घटनास्थल जाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया.
नीमडीह थाना प्रभारी एस के तिवारी ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है. जांच पड़ताल में अब तक प्राप्त साक्ष्यों और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई है. ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश देखा जा रहा है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
यह हत्या जमीन विवाद से जुड़ी होने की भी आशंका जताई जा रही है, जो इलाके में चिंता का विषय बनी हुई है. प्रशासन से ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि ऐसे घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा कड़ी की जाए.

