
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुड़ियाबेड़ा स्थित डिमना नाले में सोमवार सुबह मिली युवती की लाश की शिनाख्त संकोसाई रोड नंबर 5 निवासी 19 वर्षीय सोनी सरदार के रूप में हुई है. उसकी पहचान उसकी मां ने पीठ पर बने तितली के टैटू के आधार पर की. शव प्लास्टिक के बोरे में बंद मिला था, जबकि युवती के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे.
मंगलवार को जानकारी देते हुए मृतका की बहन रोमानी सिंह सरदार ने बताया कि सोनी रविवार की रात अपनी सहेली के साथ घूमने निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी. परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तभी सोमवार सुबह डिमना नाले में शव मिलने की खबर मिली.
परिजनों का आरोप है कि सोनी की हत्या उसके पति जयराम मुर्मू ने ही की है. सोनी ने करीब एक वर्ष पूर्व जयराम से प्रेम विवाह किया था और दोनों ने भागकर शादी की थी. लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. जयराम
को शक था कि सोनी का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध है. इसी संदेह में दोनों के बीच कई बार झगड़ा होता था.
बताया गया कि बीते छह महीने से सोनी अपने मायके में रह रही थी और पति से अलग थी. रविवार रात वह सहेली के साथ निकली थी, तभी रास्ते में उसके पति जयराम ने उसे किसी युवक के साथ देखा. इससे नाराज होकर वह सोनी को अपने घर ले गया. वहां दोनों ने खाना खाया और दोस्त समेत सो गए.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात जयराम ने सोनी के मुंह और हाथ-पैर को कपड़े से कसकर बांधा और धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे में भरकर साइकिल पर लादकर डिमना नाले में फेंक दिया.
घटना के बाद एमजीएम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जयराम मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश शुरू कर दी है. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी को जल्द न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. सोनी की हत्या को लेकर महिला संगठनों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है और दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की है.

