
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर निवासी उदय सिंह ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया. जानकारी के अनुसार, उन्होंने मानगो स्थित नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय राहगीरों की तत्परता से उनकी जान बच गई.
घटना के दौरान नदी किनारे से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर उदय सिंह पर पड़ गई. लोगों ने फौरन उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और मानगो थाने को सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उदय सिंह को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि पारिवारिक विवाद के कारण वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थे. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है.
स्थानीय लोगों की सूझबूझ और समय रहते हस्तक्षेप से एक बड़ी अनहोनी टल गई. पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी होने पर आत्महत्या जैसे कदम उठाने के बजाय परिवार, मित्रों या प्रशासन से संपर्क करें. हेल्पलाइन नंबरों का सहारा लें और समस्या साझा करें.

