
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 11 अगस्त जानकारी के अनुसार, सोनारी थाना के पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली कि मारुति कार संख्या जेएच-05-एवी-8433 में तीन व्यक्ति अवैध शराब एवं शराब की बोतल सील पैक करने की सामग्री लेकर खुटाडीह मस्जिद के पास घूम रहे हैं.
सूचना के आलोक में गश्ती दल ने खुटाडीह मस्जिद रोड में उक्त वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी में कार से भारी मात्रा में शराब और पैकिंग सामग्री बरामद हुई. इनमें कार्टन डब्बा में 246 पीस थ्री कॉइन-750 एमएल व्हिस्की, 48 पीस रॉबिनब्लू-750 एमएल व्हिस्की, 56 पीस रॉयल स्टैग के स्टीकर, 53 खाली शराब की बोतलें, 5224 खाली बोतल के ढक्कन, तीन मोबाइल फोन और वाहन शामिल हैं.

पुलिस पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे सस्ते शराब को महंगे ब्रांड की खाली बोतलों में भरकर सील पैक कर बेचते थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साज्जन कुमार गुप्ता (35) अमित कुमार गुप्ता (32), तथा अमित कुमार साहू (30) के रूप में हुई है. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

