
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू ग्वाला बस्ती इलाके में छापेमारी कर 13 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पिंटू यादव उर्फ भैंसा को गिरफ्तार किया है. आरोपी सोनारी थाना क्षेत्र का ही निवासी बताया जा रहा है और लंबे समय से पुलिस की नजर में था.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि न्यू ग्वाला बस्ती में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की जा रही है. सूचना की पुष्टि होते ही सोनारी थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान पिंटू यादव को मौके से हिरासत में लिया गया. तलाशी लेने पर उसके पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ महीनों से इस अवैध धंधे में लिप्त है. उसने बताया कि वह क्षेत्र में युवाओं को निशाना बनाकर नशीले पदार्थों की बिक्री करता था और इससे नियमित कमाई करता था.
घटना के संबंध में सोनारी थाने में एसआई शिवम राज के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी. सोनारी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

