
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने 19 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ राकेश प्रसाद उर्फ जीतू (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसका नेतृत्व डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर ने किया.
पुलिस को सूचना मिली थी कि टंकी मैला रोड स्थित खूंटाडीह इलाके में एक युवक ब्राउन शुगर की पुड़िया बनाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में सोनारी थाना प्रभारी सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश दी. पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन चारों ओर से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया. तलाशी के क्रम में उसके पास से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई. पुलिस ने मौके से कुछ नकद राशि और अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की है.
गिरफ्तार आरोपी को सोनारी थाना लाकर पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि राकेश प्रसाद उर्फ जीतू का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और वह पूर्व में भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लाता था और किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था.
इस संबंध में सोनारी थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.
डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज और खासकर युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है और किसी भी कीमत पर नशा कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा.

