
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर यौन शोषण और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खूंटाडीह निवासी नवीन पुराण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह कार्रवाई युवती की शिकायत पर की गई, जिसमें उसने आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं.
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में युवती ने बताया कि उसका आरोपी नवीन पुराण से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था. इस दौरान युवक ने कई बार उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए. जब युवती ने बार-बार विवाह की बात उठाई, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बहाने बनाता रहा. धीरे-धीरे रिश्ते में तनाव बढ़ता गया और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई.
युवती ने अपने बयान में आगे कहा कि आरोपी के बार-बार इनकार और वादाखिलाफी से वह मानसिक रूप से बेहद टूट चुकी थी. जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे तरह-तरह की बातों से भ्रमित किया और शादी से साफ इनकार कर दिया. इस ठगी और धोखे से आहत होकर युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया.
परिजनों ने समय रहते गंभीर अवस्था में युवती को टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत अब भी चिंताजनक बताई जा रही है.
सोनारी थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया, “पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी नवीन पुराण के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.”
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, डिजिटल सबूत और कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की मंशा और हरकतों की पुष्टि की जा सके.
