
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पैसे की लेनदेन को लेकर एक वाहन रिकवरी एजेंट ने युवक का अपहरण कर लिया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में कदमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार, सोनारी निवासी अक्षत आनंद उर्फ सोनू को वाहन रिकवरी एजेंट पिंटू सिंह ने अगवा कर लिया. बताया जा रहा है कि लगभग एक वर्ष पूर्व कॉलोन इवेंट्स के प्रोप्राइटर सिद्धार्थ राव ने एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में किसी व्यक्ति को कुछ रकम दी थी. हालांकि, प्रोजेक्ट में विवाद होने के कारण काम रुक गया. इसके बाद से सिद्धार्थ राव अपने पैसों की वापसी की मांग कर रहे थे, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका.
इसी विवाद के क्रम में गुरुवार को पिंटू सिंह ने सोनू पर पैसे लौटाने का दबाव बनाया और विवाद के दौरान उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले गया. घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कदमा में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया और अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पिंटू सिंह को पैसे की वसूली के लिए लगाया गया था. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे अपहरण प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
सोनारी थानेदार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

