
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पूरा इलाका हाईवोल्टेज ड्रामे का गवाह बन गया.
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवती का आरोप है कि उसके प्रेमी ने उसे धोखा दिया है. वह लगातार चिल्लाते हुए कह रही थी कि जब तक उसका प्रेमी सामने आकर उसे मना नहीं लेता, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. स्थानीय लोगों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोनारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया. पुलिस ने एक युवक को पोल पर चढ़ाकर युवती को मनाने की कोशिश की, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया. इस दौरान पुलिसकर्मी और मोहल्ले के लोग लगातार युवती से नीचे उतरने की अपील करते रहे.
घटना के कारण मरीन ड्राइव पर करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. सड़क पर आवाजाही बाधित हो गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई. आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.
फिलहाल पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि युवती सोनारी की ही रहने वाली है. पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है और युवती के परिवार के सदस्यों को भी बुलाया गया है. इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी और देर शाम तक लोग इस ड्रामे की चर्चा करते रहे.

