
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत न्यू ग्वाला बस्ती स्थित काली मंदिर के पास शुक्रवार देर रात आपसी रंजिश के चलते एक पड़ोसी ने दूसरे पड़ोसी पर लाठी, डंडा और पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना में भीम यादव उर्फ सरल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. घटना के संबंध में घायल भीम यादव की ओर से सोनारी थाना में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. आरोपियों में विजय यादव उर्फ पटेल यादव, जितेंद्र यादव, सुरेमन यादव, सत्येंद्र यादव, संतोष यादव उर्फ मोटू और संजय यादव शामिल हैं.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आपसी तनाव चला आ रहा था. शुक्रवार की रात यह विवाद उस समय हिंसक रूप ले बैठा जब आधी रात के करीब सभी आरोपी एकजुट होकर भीम यादव के घर में घुस गए और उन पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया. हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से वार किए, जिससे भीम यादव के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने न्यू ग्वाला बस्ती में सतर्कता बढ़ा दी है और गश्त तेज कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की और अप्रिय घटना से बचा जा सके. थानेदार ने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और आपसी विवाद की जड़ में जमीन, आपसी जलन और पुरानी रंजिश की बातें सामने आ रही हैं. मामले की गहन जांच जारी है.
