
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बुधराम मोहल्ला में बुधवार दोपहर एक खड़ी कार अचानक आग की चपेट में आ गई. घटना हनुमान मंदिर के पास हुई, जहां कुछ ही मिनटों में कार आग की लपटों से घिर गई और लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही कार में लगे गैस सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फटने लगे, जिससे आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी.
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और आसपास फैलने से रोका. हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई.
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार गाड़ी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते आग बुझा दी गई, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी.
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग वाहन सुरक्षा व गैस सिलेंडर लगाने की सावधानी को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.

