
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना अंतर्गत सीतारामडेरा बस स्टैंड के समीप शनिवार शाम करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक अनियंत्रित चेचिस भुइयांडीह की ओर तेज रफ्तार में जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार दंपति को चेचिस ने अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चेचिस के नीचे फंस गई और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी.

मृतक की पहचान मानगो डिमना रोड स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी लाल कुमार के रूप में हुई है. घायल महिला उनकी पत्नी नीलम शर्मा (32) हैं. बताया जा रहा है कि लाल कुमार एक इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और चेचिस वाहन को जब्त कर लिया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चेचिस चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था. हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

