
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है. शुक्रवार तड़के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के चंद्रा आवास परिसर में हुई हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. यह घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जब अज्ञात हमलावरों ने डॉ. अभिषेक के ससुर हरिराम सिंह के आवास को लक्ष्य बनाकर फायरिंग की.
सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के पीछे प्रिंस सिंह नामक युवक का हाथ होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि उसने करीब एक सप्ताह पहले हरिराम सिंह से ‘पेंटिंग’ यानी रंगदारी की मांग की थी. मांग पूरी नहीं होने पर उसने धमकी दी थी, जिसके बाद शुक्रवार को यह फायरिंग की गई. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक सवार युवक सुबह-सुबह आए और हवा में दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं. पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर लिया गया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में अपराध बढ़े हैं और पुलिस गश्त में कमी आई है. लोगों ने मांग की है कि पुलिस इलाके में सख्ती बढ़ाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को रंगदारी विवाद से जोड़कर देख रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है.

