
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने 7 दिसंबर को बाराद्वारी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं.
सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने बताया कि चोरी की घटना बाराद्वारी निवासी अमित सोलंकी के घर में हुई थी, जहां अज्ञात चोरों ने सोने और चांदी के गहने उड़ा लिए थे. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले आलोक मुखी को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसकी बहन ज्योति मुखी और जीजा धीरज तांती को भी पकड़ा, जो इस चोरी में शामिल थे.
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के गहनों को सुनील कुमार प्रसाद नामक व्यक्ति ने खरीदा था. पुलिस ने उसे भी दबोच लिया है. चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने बताया कि पुलिस टीम की तत्परता और सक्रियता से इस मामले का खुलासा संभव हो पाया है. चोरी के 100 प्रतिशत सामान को बरामद कर लिया गया है और सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है.

