
उदित वाणी, जमशेदपुर : उपचुनाव में आचार संहिता लागू होने के बावजूद शहर में आपराधिक घटनाएं थम नहीं रही हैं. ताजा मामला एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा चौक का है, जहां बुधवार शाम राजा सिंह नामक युवक ने खुलेआम पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की.
सूत्रों के अनुसार, राजा सिंह ने अनील सिंह, सुफल सिंह और महेश गोराई को सिमुलडांगा चौक पर रोक लिया और उन पर पिस्टल तान दी. अचानक हुई इस हरकत से आसपास के लोग भयभीत हो गए. लेकिन, स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल बरामद की है, जिसे जब्त कर लिया गया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि हथियार के स्रोत और घटना के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद भी इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में भय का माहौल न बने.
एमजीएम थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. साथ ही क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि चुनावी माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहे.

