
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भूइँयाडीह कान्हुभट्ठा इमली पेड़ के पास 20-21 अक्टूबर की मध्यरात्रि जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में गोली लगने से घायल हुए दीपक विभार की इलाज के दौरान हुई मौत मामले में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी अशोक दूबे (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की मां मधु विभार के बयान पर सिदगोड़ा थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच के क्रम में 29 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अशोक दूबे को बल्ले कॉम्प्लेक्स के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अशोक दूबे ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 20-21 अक्टूबर की रात वह दीपक विभार और अन्य लोगों के साथ जुआ खेल रहा था. इसी दौरान विवाद होने पर दोनों में हाथापाई हुई और गुस्से में आकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, अशोक दूबे पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है. इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य फरार अभियुक्तों को भी पकड़ा जाएगा.

