
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत क्रॉस रोड नंबर 8 में मंगलवार की सुबह करीब 8:30 बजे एक साहसिक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. दो बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक महिला दुकानदार को पिस्तौल दिखाकर भयभीत किया और फिर राशन की दुकान से पांच लीटर रिफाइंड व सरसों तेल लूटकर फरार हो गए. पीड़ित महिला दुकानदार मुन्नी देवी ने इस घटना को लेकर सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
मूल रूप से क्रॉस रोड नंबर 8 स्थित अपने घर के पास ही किराना दुकान चलाने वाली मुन्नी देवी रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे दुकान खोलकर बैठी थीं. इतने में एक बाइक पर सवार दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे. पीड़िता के अनुसार, उनमें से एक युवक ने सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार करते हुए पूछा कि दुकान में क्या-क्या सामान उपलब्ध है. इसके बाद उसने पांच लीटर रिफाइंड और सरसों तेल की मांग की. कुल बिल 1500 रुपये बना.
जब मुन्नी देवी सामान देने के बाद बिल बनाने लगीं और ग्राहक द्वारा बेसन मांगा गया, तभी एक युवक ने टेबल की ओर झुकते हुए अचानक पिस्तौल निकालकर दिखा दी. भयभीत मुन्नी देवी अवाक रह गईं. उनके मुंह से आवाज तक नहीं निकली. इसी बीच दोनों युवक तेल का डिब्बा उठाकर बाइक से फरार हो गए.
मुन्नी देवी का कहना है कि घटना उनके दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में जरूर हुई, लेकिन जिस क्षण युवक ने टेबल के नीचे से पिस्तौल निकाली, वह क्षण कैमरे की पकड़ में नहीं आ सका. हालांकि पुलिस सूत्रों की मानें तो दुकान के बाहर और पास की गलियों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि अपराधियों ने पहले से रेकी कर रखी थी और महिला के अकेले दुकान पर होने का फायदा उठाया.
थाना प्रभारी ने बताया कि मुन्नी देवी की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. साथ ही क्रॉस रोड नंबर 8 और उसके आस-पास के मोहल्लों में पुलिस पेट्रोलिंग को तेज कर दिया गया है.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों ने प्रशासन से सुबह के समय विशेष गश्त और महिला दुकानदारों के लिए सुरक्षा उपायों की मांग की है. कई लोगों का कहना है कि सवेरे के समय पुलिस गश्त बहुत कम हो जाती है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं.
मुन्नी देवी : “मैं अब डर के साए में दुकान चलाती हूं” इस घटना के बाद से पीड़ित महिला मुन्नी देवी सदमे में हैं. उन्होंने कहा,

“मैं रोजाना सुबह 7 बजे से दुकान खोलती हूं. आज तक ऐसा कुछ नहीं हुआ था. पर आज जब लड़के ने पिस्तौल दिखाया, मेरी बोलती बंद हो गई. मैं कांपने लगी. मेरे सामने ही वह तेल उठा कर ले गया और मैं कुछ नहीं कर पाई. अब डर लगता है दुकान खोलने में.”
सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं. इलाके के मुखबिरों को सक्रिय कर दिया गया है और अपराधियों के भागने की संभावित दिशा में छापेमारी की जा रही है.
“हमने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली है. फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा होगा और अपराधी गिरफ्त में होंगे,” – थाना प्रभारी, सिदगोड़ा.

