
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कानू भट्टा स्थित इमली के पेड़ के पास सोमवार देर रात जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है. इस घटना में भुइयांडीह कल्याणनगर निवासी दीपक कुमार धीबर (26) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया.
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 2:30 बजे की है, जब कुछ युवक जुआ खेल रहे थे. इसी दौरान आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने पिस्टल निकाल कर गोली चला दी. गोली दीपक की छाती में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए.
घायल दीपक को स्थानीय लोगों की मदद से पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर किया गया. सुबह करीब 7 बजे उसके परिजन भी टीएमएच पहुंचे और डॉक्टरों की सलाह पर दीपक को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल ले गए. वर्तमान में उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में देर रात तक जुआ और असामाजिक गतिविधियां होती रहती हैं, जिससे माहौल अशांत बना रहता है. पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और जुआ गिरोह पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

