
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को नशे में धुत्त युवकों के उत्पात से अफरातफरी मच गई. दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बारीडीह का रहने वाला एक युवक आए दिन अपने साथियों के साथ शराब और नशीले पदार्थों का सेवन कर बाजार में उपद्रव करता है. इसी क्रम में शुक्रवार को भी उसने अपने साथियों संग नशे की हालत में दुकानदारों से मारपीट की और गल्ले से रुपये तक उठा लिए. विरोध करने पर उसने दुकानदारों को हथियार दिखाकर धमकाया.
घटना की सूचना पाकर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवक को हिरासत में ले थाने ले गई. इस दौरान बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया. दुकानदारों ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक लंबे समय से नशे की हालत में उपद्रव कर रहा है और पुलिस को इसकी शिकायत पहले भी दी गई थी. लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उसका हौसला बढ़ता गया.
घटना के बाद आक्रोशित दुकानदार थाने पहुंचे और थाना प्रभारी से आरोपी को अभिलंब जेल भेजने की मांग की. दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि नशाखोरी और उत्पात पर रोक नहीं लगाई गई तो वे सामूहिक रूप से बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में नशाखोरी व असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि बाजार में शांति व सुरक्षा बनी रहे.

