
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के ट्यूब बड़ी स्थित एम टाइप फ्लैट परिसर में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, देर रात चोर गैरेज में घुसे और वहां लगे मुख्य ताले को तोड़कर भीतर प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने खड़ी एक बाइक लेकर फरार हो गए. चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि चोरों ने केवल एक बाइक ही नहीं चुराई, बल्कि गैरेज में खड़ी अन्य बाइकों के लॉक और चाबी स्लॉट को भी खोलने की कोशिश की. कई बाइकों के लॉक को नुकसान पहुंचा है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों का उद्देश्य एक से अधिक वाहन चोरी करने का था, लेकिन किसी कारणवश वे केवल एक ही बाइक ले जा सके.
सुबह जब लोग जागे, तो उन्होंने गैरेज का टूटा ताला और एक बाइक के गायब होने की जानकारी पाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू की.
बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी वारदात गैरेज के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है.
लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई में तेजी लाई जा रही है.

