
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह रोरो रोड पर शनिवार देर शाम पैदल बाजार से घर लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली. वारदात के दौरान आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में आए और महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए सड़क पर सन्नाटा पसर गया.
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. महिला ने घटना की लिखित शिकायत दर्ज करा दी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है.

