
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लतनगर में शुक्रवार देर शाम फिर एक बार गोलियों की आवाज गूंजी। चिकन विक्रेता जाफर अली उर्फ़ मुर्गा राजू पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जाफर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाफर अली जैसे ही ए.आर. ट्रेडर्स के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। घायल जाफर ने खुद हिम्मत दिखाते हुए ऑटो से अस्पताल पहुंचकर इलाज शुरू कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद मिली है। त्वरित छापेमारी कर पुलिस ने तीन आरोपियों—शाकिब, हयात और कदमा शास्त्री नगर के निवासी एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो देसी पिस्तौल भी बरामद की गई हैं। सभी से पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बीते सात दिनों में जुगसलाई क्षेत्र में यह दूसरी फायरिंग की घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

