
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के जोद्रागोडा निवासी शंभु लोहार (58) की गुरुवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. वे रोज की तरह सुबह शौच के लिए घर से निकले थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि सुंदरनगर रेलवे फाटक पार करने के बाद पोल नंबर 253/87 के समीप रेल पटरी क्रॉस करते समय अचानक आती ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसा सुबह करीब पांच बजे का बताया जा रहा है.
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने शंभु लोहार की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी. परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतक की बहू लक्ष्मी लोहार ने बताया कि शंभु लोहार के चार बच्चे हैं. करीब एक वर्ष पूर्व तक वे सुंदरनगर से साकची रूट पर मिनी बस चालक के रूप में कार्य कर रहे थे, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण नौकरी छोड़कर घर पर ही रह रहे थे. परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी, ऐसे में उनकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान अक्सर लोग लापरवाही बरतते हैं. उन्होंने प्रशासन से इस क्षेत्र में आवाजाही नियंत्रित करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

