
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत चाडरी मोड़ से पहले एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या जेएच 05ईबी 2808 सरायकेला की ओर आ रही थी. इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या जेएच 06आर 9122 में बाइक पीछे से जोरदार तरीके से जा टकराई. ट्रक का टायर बदला जा रहा था, इसलिए वह सड़क पर खड़ा था. अंधेरा होने और पर्याप्त संकेतक न लगे होने के कारण बाइक सवार को ट्रक का अंदेशा नहीं हुआ.
हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. साथ सवार बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया. मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के ग्राम आदरडीह निवासी करणों कुम्भकार (वर्तमान में बीरबांस में रामकृष्णा फोर्जिंग में कार्यरत) के रूप में हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस और सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.

