
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सीनियर सिटीजन एटीएम फ्रॉड का शिकार हो गए. शातिर बदमाश ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड छीन लिया और कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खाते से 37 हजार रुपये निकाल लिए. यह घटना एटीएम बूथों में बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोड़ाबांधा निवासी 69 वर्षीय कमल कुमार सेन गुरुवार सुबह करीब 11.48 बजे टेल्को स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे. सेन ने एटीएम मशीन से 1,000 रुपये की निकासी की प्रक्रिया पूरी की. ट्रांजैक्शन के बाद जैसे ही वह मशीन से हटे, उसी दौरान एक अनजान युवक एटीएम बूथ के अंदर घुस आया.
आरोपी ने खुद को मददगार बताकर सेन से बातचीत शुरू कर दी और उन्हें बातों में उलझाए रखा. इसी दौरान उसने बड़ी चालाकी से उनका एटीएम कार्ड निकाल लिया. पीड़ित को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि उनका कार्ड चोरी हो चुका है. कुछ ही पलों में आरोपी एटीएम कियोस्क से बाहर निकला और पहले से खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गया.
कुछ देर बाद जब सेन को संदेह हुआ तो उन्होंने एटीएम कार्ड तलाश किया, लेकिन कार्ड नहीं मिलने पर वे घबरा गए. तुरंत वह पास की आईडीबीआई बैंक शाखा पहुंचे और कार्ड ब्लॉक कराने का अनुरोध किया. बैंक अधिकारियों द्वारा खाते की जांच किए जाने पर पता चला कि चोरी किए गए एटीएम कार्ड के जरिए उनके खाते से 37,000 रुपये की निकासी की जा चुकी है.
घटना के बाद पीड़ित ने टेल्को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके.
पुलिस ने आम लोगों, विशेषकर बुजुर्ग नागरिकों से अपील की है कि वे एटीएम से पैसे निकालते समय किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

