
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे कुख्यात अपराधी सौरभ चौधरी उर्फ पूरण चौधरी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और 0.303 बोर की दो जिंदा गोलियां बरामद कीं, जिनमें एक गोली लोडेड थी. यह कार्रवाई थाना प्रभारी संजय सुमन के नेतृत्व में की गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जेल से छूटने के बाद सौरभ चौधरी और उसके सहयोगी देवेंद्र सिंह उर्फ ‘आई लव’ स्थानीय व्यापारियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने की धमकी दे रहे थे. डर के माहौल के कारण अधिकांश लोग शिकायत दर्ज कराने से हिचक रहे थे. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सौरभ चौधरी गोलमुरी क्षेत्र में सक्रिय है और हथियार के दम पर रंगदारी मांग रहा है.

सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सौरभ चौधरी को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर रंगदारी वसूलने का काम कर रहा था और हथियार देवेंद्र ने ही उपलब्ध कराया था. इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार और गोलियां बरामद कीं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ चौधरी (उम्र करीब 35 वर्ष), पिता नेकी राम चौधरी, निवासी रामदेव बगान, गोलमुरी के रूप में हुई.
पुलिस के अनुसार सौरभ का आपराधिक इतिहास लंबा है. वह हत्या, लूट, रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त रहा है. सिदगोड़ा, गोलमुरी, एमजीएम, सोनारी सहित राजस्थान के जयपुर थाने में भी उसके खिलाफ 16 से अधिक मामले दर्ज हैं.
छापेमारी दल में थाना प्रभारी संजय सुमन के साथ एएसआई गौरव सिंह, राजन रौशन सिन्हा, अभय मिंज, विकास कुमार, अजीत प्रकाश और पुलिस बल के अन्य सदस्य शामिल थे. फिलहाल पुलिस फरार सहयोगी देवेंद्र सिंह उर्फ ‘आई लव’ की तलाश में जुटी है, जिसने सौरभ को हथियार उपलब्ध कराया था.
इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. इससे शहर में रंगदारी और भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे गिरोह पर करारा प्रहार हुआ है. गोलमुरी पुलिस का कहना है कि इस तरह के आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि आम नागरिकों में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा बना रहे.

