
उदित वाणी, चाईबासा : जराईकेला थाना क्षेत्र के सारंडा जंगल में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब सियाल पत्ता चुनने गई 10 वर्षीय बच्ची की नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोटक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना दीघा गांव निवासी जय मासी हेरेंज की बेटी सिरिया हेरेंज के साथ घटी, जो सुबह करीब 9 बजे जंगल में पत्ता चुनने गई थी। इसी दौरान उसका पैर अनजाने में नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए लगाए गए आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ।
इस हादसे में सिरिया की मौके पर ही मौत हो गई और उसके पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने पुष्टि की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस से मनोहरपुर ले जाया जा रहा है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश एवं भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा के मद्देनज़र गश्त बढ़ा दी है.

