
उदित वाणी, कांड्रा : सरायकेला-कांड्रा रोड पर स्थित पदमपुर टोल बूथ के पास बुधवार रात करीब 10 बजे एक युवक पैदल सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान डुमरा पंचायत के हाड़ीभांगा निवासी 28 वर्षीय मनसा दास के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी करता था और मां का सहारा था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मनसा टोल के पास एक होटल में भोजन करने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी. वाहन का चक्का उसके ऊपर से गुजर गया और वह वहीं गिर पड़ा. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया.
घटना के अगले दिन जांच में पता चला कि टोल परिसर और आसपास कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जो टोल प्रबंधन और जिला प्रशासन की बड़ी लापरवाही बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं क्योंकि यह सड़क काफी व्यस्त है और यहां ट्रैफिक पुलिस प्रशासनिक जांच करता रहता है. परिजन फरार वाहन चालक को जल्द पकड़कर न्याय दिलाने और मृतक की विधवा मां को आर्थिक मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

