
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित आम बागान के पास महिलाओं को देखकर अश्लील हरकत करने वाले एक युवक को स्थानीय लोगों की सतर्कता से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. आरोपी की पहचान मनीफीट निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार अमित कुमार आम बागान के आसपास खड़ा होकर वहां से गुजरने वाली महिलाओं को देखकर अभद्र और अश्लील हरकतें कर रहा था. आसपास मौजूद लोगों की नजर जब उसकी गतिविधियों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसका विरोध किया. लोगों ने सबूत के तौर पर उसकी हरकतों का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसकी सूचना साकची थाना पुलिस को दे दी.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने पुलिस को वीडियो दिखाया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे साकची थाना ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.
लोगों ने बताया कि पकड़े जाने के बाद आरोपी अपना मोबाइल छिपाने की कोशिश कर रहा था और अपना नाम-पता भी नहीं बता रहा था. बाद में मोबाइल मिलने और घर से आए फोन के बाद उसकी पहचान हुई. स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

