
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत संजय मार्केट स्थित हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब 100 से अधिक की संख्या में युवक अचानक मार्केट पहुंचे और दुकानदारों पर हमला कर दिया. घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हमले में मोबाइल दुकान संचालक नितिन श्रीवास, कपड़ा दुकान संचालक अमृत और उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, नितिन के पिता नरेश श्रीवास को भी हल्की चोट आई है.
हमले के दौरान हमलावरों ने न केवल मारपीट की, बल्कि नितिन के पिता से 22 हजार रुपये भी छीन लिए. नितिन ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी कुछ युवक उसकी दुकान पर आए और गाली-गलौज करने लगे. इसी दौरान देखते ही देखते 100 से अधिक युवक वहां पहुंच गए और अचानक हमला बोल दिया. बताया गया कि हमलावरों में कुछ युवक पिस्तौल से लैस थे, जबकि कुछ धारदार हथियार लेकर आए थे. अचानक हुए इस हमले से बाजार में दहशत फैल गई और लोग अपनी दुकानें बंद कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

घटना को अंजाम देने के बाद अधिकांश हमलावर मौके से फरार हो गए. हालांकि, स्थानीय दुकानदारों ने हिम्मत दिखाते हुए तीन हमलावरों को पकड़ लिया और उन्हें साकची थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
दो दिन पूर्व हुआ था विवाद
नितिन ने बताया कि दो दिन पहले मार्केट में दुकान लगाने को लेकर राज सिंह के स्टाफ से विवाद हुआ था. उस समय स्थानीय लोगों की पहल पर मामला सुलझा लिया गया था. लेकिन शुक्रवार को उसी विवाद को लेकर राज सिंह अन्य युवकों के साथ बड़ी संख्या में मार्केट पहुंचा और हमला कर दिया.
फिलहाल साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की पुनः घटना को रोका जा सके. इस घटना से व्यापारी वर्ग में रोष है और उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन-दहाड़े हथियारबंद युवकों का हमला क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

