
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ने एक बार फिर कोहराम मचा दिया. हाथी घोड़ा मंदिर के पास सड़क के बीचों-बीच खराब खड़े ट्रेलर में पीछे से आए टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह चूरन चूरन हो गया. चालक वाहन में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने प्रयास कर घायल को बाहर निकाला और एमजीएम अस्पताल पहुंचाया.
सूचना पाकर साकची थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सामान्य किया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि तेज रफ्तार और वाहन खराब होने पर सावधानी बरतें.

