
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची स्थित राज क्लब में मंगलवार देर रात गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित म्यूजिक पार्टी के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया. कार्यक्रम में शामिल कुछ युवकों ने स्टेज पर चढ़कर युवतियों के साथ छेड़खानी की कोशिश की. इसका विरोध होने पर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई. इसी बीच दो युवकों ने फायरिंग कर दी, जिससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलाने का आरोप राहुल राय और राहुल तिवारी नामक युवकों पर लगा है. हालांकि, गोली लगने से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. फायरिंग की आवाज सुनते ही क्लब परिसर में भगदड़ की स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
घटना की जानकारी मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही क्लब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरी घटना की सटीक जानकारी मिल सके.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूजा पंडालों और सार्वजनिक आयोजनों में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से साकची इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

