
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के जुबली पार्क गेट नंबर 1 के पास गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवती का मोबाइल छीनने वाले युवक को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया. चाय पी रही युवती से मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी की जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.
ग्रामीणों की सक्रियता
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग सक्रिय हो गए और पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया. आरोपी की पिटाई की गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है. जिला मुख्यालय से सटे इस इलाके में दिन के उजाले में वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है.
लगातार अपराधों का सिलसिला
स्थानीय लोगों का कहना है कि जुबली पार्क क्षेत्र में पुलिस गश्त नाकाफी है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. महज दो दिन पहले इसी इलाके में चोरों ने डेढ़ दर्जन दुकानों में चोरी की थी. राष्ट्रपति के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे से पहले यह घटना चिंता बढ़ा रही है.

