
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास फायरिंग और जानलेवा हमले का एक सनसनीखेज मामला घटना के 38 दिनों बाद सामने आया है. इस संबंध में मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड में किराए के मकान में रहने वाले अमित कुमार ने साकची थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ज्ञान प्रकाश गुप्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संगीन धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि आरोपी ज्ञान प्रकाश गुप्ता, जो कि मानगो लुची टावर के पास गौड़ बस्ती का निवासी है, उसने साकची जेल चौक के समीप पहले तो उस पर चापड़ और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद आरोपी ने उस पर गोली भी चलाई. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली वास्तव में चली या नहीं, और अगर चली भी, तो किस दिशा में चली तथा किसी को लगी या नहीं.
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है. घटनास्थल की पुनः छानबीन की जा रही है, और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की सत्यता का निर्धारण किया जाएगा.
इस पूरे घटनाक्रम में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और बहुत जल्द उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी. साथ ही यह भी जांच का विषय है कि आखिर पीड़ित ने घटना के इतने दिनों बाद थाने में रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई. फिलहाल साकची थाना इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.

