
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में हुई चेन छिनतई की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने उनके पास से सोने की चेन और एक काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है. यह घटना 15 जुलाई की है, जब बुलेट सवार दो युवकों ने महिला से चेन छीनकर फरार हो गए थे.
गुरुवार को सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई. इस कार्रवाई में मानगो आजाद बस्ती रोड नंबर 13 निवासी शाहबाज शेख उर्फ भाबु (23) को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया. वहीं उसका साथी साजिद शेख उर्फ बिल्ला को पुलिस ने चेपा पुल के पास पारडीह से धर दबोचा. पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि छिनतई के बाद उन्होंने चेन को वसिम अकरम उर्फ चंदु को बेच दिया था.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वसिम अकरम को भी गिरफ्तार कर लिया. जांच में यह बात सामने आई कि वसिम ने चेन को महज 11 हजार रुपये में खरीदा था. बरामदगी के दौरान पुलिस ने सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त काले रंग की बुलेट बाइक को जब्त किया.
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही चेन छिनतई की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

