
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की उड़नदस्ता टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. शनिवार को आरपीएफ ने राउरकेला रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर 25 किलो अवैध गांजा के साथ चार तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील कुमार, मुन्ना पटेल, धर्मेंद्र पटेल और अजय मांझी के रूप में हुई है.
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, सुनील कुमार, मुन्ना पटेल और धर्मेंद्र पटेल बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया थाना क्षेत्र अंतर्गत झावटीया गांव के निवासी हैं, जबकि अजय मांझी गोपालगंज जिले के असंदीमहुआ गांव का रहने वाला है. प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि चारों तस्कर ओडिशा के बलांगीर रेलवे स्टेशन से गांजा लेकर निकले थे और टाटानगर के रास्ते बिहार के बेतिया पहुंचाने की योजना बना रहे थे.
आरपीएफ उड़नदस्ता टीम को इनपुट मिलने के बाद राउरकेला स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चारों को रोका गया और तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया. जब्त गांजा की बाजार कीमत लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है.
यह पूरी कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नारकोस” के तहत की गई है. आरपीएफ ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उड़नदस्ता दल लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रहा है और रेलवे मार्ग के जरिए हो रहे अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राउरकेला एक्साइज विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है. आरपीएफ ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती आगे भी जारी रहेगी और रेलवे परिसरों को अपराध मुक्त रखने के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे.
