
उदित वाणी, जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चक्रधरपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक शातिर चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/आरपीएफ/चक्रधरपुर मंडल के आदेशानुसार 09 फरवरी को आरपीएफ की उड़नदस्ता दल ने यह कार्रवाई की.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकीबुर रहमान मंडल उर्फ अकीर अली मंडल के रूप में हुई है, जो बांकुड़ा (पश्चिम बंगाल) का निवासी बताया जा रहा है. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पोको कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कुछ दिन पूर्व टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास चलती ट्रेन से एक अनजान यात्री का मोबाइल चोरी किया था.
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है. इससे पहले भी वह यात्रियों के सामान चोरी करने के आरोप में तीन बार रेल थाना टाटानगर से जेल जा चुका है. बावजूद इसके, आरोपी दोबारा स्टेशन परिसर में सक्रिय होकर यात्रियों को निशाना बना रहा था.
आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया है. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें.

