
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मुहिम लगातार रंग ला रही है. चक्रधरपुर रेल मंडल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नार्कोस के तहत आरपीएफ को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस अभियान के अंतर्गत आरपीएफ की विशेष टीम ने टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में गश्ती के दौरान तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है.
आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल की टीम टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में टाटानगर से राजगांगपुर रेलवे स्टेशन के बीच नियमित गश्ती कर रही थी. इसी दौरान कोच संख्या बी-2 में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन यात्रियों की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 4.5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया.
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान अनवर शेख, फैजुल शेख और मिनारूल शेख के रूप में हुई है. तीनों पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी उक्त गांजा भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन (ओडिशा) से लेकर चले थे और टाटानगर के रास्ते इसे एर्नाकुलम (केरल) ले जा रहे थे. तस्करी के लिए रेलवे मार्ग का उपयोग कर यह गिरोह लंबे रूट पर गांजा की सप्लाई करने की फिराक में थे.
आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बरामद गांजा को जब्त कर लिया. जब्त किए गए गांजा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है. कार्रवाई के बाद पकड़े गए तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए एक्साइज डिपार्टमेंट सुंदरगढ़ एवं राजगांगपुर को सुपुर्द कर दिया गया है.
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल में पिछले कुछ महीनों से गांजा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. ऑपरेशन नार्कोस के तहत लगातार ट्रेनों, प्लेटफार्मों और रेलवे परिसरों में सघन जांच की जा रही है. आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि रेलवे मार्ग से नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

