
उदित वाणी, जमशेदपुर : राउरकेला सेक्टर-19 थाना क्षेत्र में लगभग 25 दिन पहले पांच अलग-अलग घरों में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने इस मामले में जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के मथुरा बागान निवासी शंभु सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने राउरकेला सेक्टर-19 के विभिन्न इलाकों में रेकी कर कई घरों में घुसपैठ की और लाखों रुपये मूल्य के कीमती जेवरात सहित अन्य वस्तुएं चुरा ली.
पुलिस का अनुमान है कि इस चोरी का कुल मूल्य लगभग 40 से 50 लाख रुपये के बीच हो सकता है. घटनास्थल का मुआयना और पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी कई सप्ताहों तक इलाके में चोरी की योजना बना रहा था. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने से पहले घरों का बारीकी से निरीक्षण किया था और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जुटाई थी.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शंभु सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है. आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई वस्तुओं की बरामदगी की कोशिश जारी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के पास से कई संदिग्ध सामान और कीमती वस्तुएं जब्त की गई हैं, और उम्मीद है कि जल्दी ही चोरी के अधिकांश माल की रिकवरी की जाएगी.
ओडिशा पुलिस ने बताया कि इस मामले में झारखंड पुलिस की सक्रिय भूमिका रही. दोनों राज्यों की पुलिस टीमों ने मिलकर आरोपी की गिरफ्तारी में अहम योगदान दिया. इस सफलता के बाद पुलिस ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास की संदिग्ध गतिविधियों पर ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने को दें.

