
उदित वाणी, गढ़वा : जिले में धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. रंका थाना क्षेत्र में सक्रिय गिरोह के पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में विपिन बिहारी प्रधान सहित कुल पांच सदस्य शामिल हैं.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से जिले में सक्रिय था और लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दे रहा था. मामले के उजागर होते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है.
गिरफ्तार आरोपियों का संबंध चेन्नई स्थित ‘फ्रेंड्स मिशनरी प्रेयर बैंड’ नामक संस्था से बताया जा रहा है. इस खुलासे के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है.
बजरंग दल के कार्यकर्ता सुलफानी सिंह ने कहा कि इस गिरोह के स्थानीय मददगारों तक पहुंचना बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसे मामलों पर अंकुश लगाया जा सके. स्थानीय निवासी उत्तम पांडेय ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है.
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था. पुलिस अब आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों और स्थानीय संपर्कों को लेकर पूछताछ कर रही है.

