
उदित वाणी, रांची : साइबर अपराध थाना रांची की पुलिस ने 8.35 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में आरोपी पवन गौर को गिरफ्तार किया. पवन मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के काहारी मुहल्ला गुरुनानक वार्ड का निवासी है. सिवनी पुलिस के सहयोग से उसे उसके घर से गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, सिमकार्ड और वाट्सएप चैट बरामद किया है. उसने सदर अस्पताल रांची के एनास्थेटिक डाक्टर से 3.75 करोड़ और सेवानिवृत्त मर्चेंट नेवी अधिकारी से 4.60 करोड़ रुपये ठगा है. डाक्टर से फयेर्स सिक्यूरिटीज प्राइवेट लिमिटेड नामक वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर आकर्षक निवेश और ट्रेडिंग ऑफर दिया गया और नकली मुनाफा दिखाकर विश्वास जीता गया तथा डॉक्टर से विभिन्न बैंक खातों में 3.75 करोड़ रुपये जमा कराया गया.
बाद में ठगी का पता चलने पर डाक्टर ने शिकायत दर्ज करायी थी. वहीं एक सेवानिवृत्त मर्चेंट नेवी अधिकारी को फेसबुक पर नोमुरा और जीटीपीएफ नाम से निवेश के विज्ञापन दिखाया गया और वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर और फर्जी नोमुरा एप डाउनलोड कराकर झूठा मुनाफा दिखाया गया तथा उनसे 4.60 करोड़ रुपये ठगी की गई.

