
उदित वाणी, रामगढ़: चोरी के मामले में मात्र दो दिनों के भीतर रामगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है. पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए लगभग आठ लाख की संपत्ति -जिसमें चार लाख रुपये नगद और चार लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं -बरामद किए हैं. इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बुधवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना रामगढ़ जेल मोड़ स्थित मनोज कुमार साव के घर की है, जहां चोरों ने 12 लाख रुपये नगद और कीमती जेवरात की चोरी की थी. मामले की शिकायत भुक्तभोगी ने रामगढ़ थाना में दर्ज कराई थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई. टीम के थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कांड के मुख्य अभियुक्त शनि करमाली उर्फ शनि लोहरा (उम्र 24 वर्ष, पिता छोटेलाल लोहारा, निवासी जेल मोड़ बिरसा चौक, थाना व जिला–रामगढ़) को बोकारो जिला के दुन्दीबाग बाजार स्थित झोपड़पट्टी से गिरफ्तार किया.
अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की गई संपत्ति, जिसमें नकदी और सोना-चांदी के जेवरात शामिल हैं, कुल मिलाकर आठ लाख रुपये मूल्य की, बरामद की गई. पुलिस की जांच में पता चला कि अभियुक्त चोरी का कुछ हिस्सा अपने साथ बोकारो ले गया था और बाकी रकम व जेवरात उसने अपने घर में छिपाकर रखे थे.
पुलिस ने बताया कि यह सफलता टीम की तत्परता और तकनीकी जांच के चलते मिली है. गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

