
उदित वाणी, रामगढ़ : रामगढ़ जिले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब श्रीकृष्णा मोहल्ले के धांधार पोखर तालाब क्षेत्र से पुलिस ने 17 सितंबर से लापता युवक सोनू राम का कंकाल कई टुकड़ों में बरामद किया. शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. सैकड़ों लोग सुभाष चौक पर जमा हुए और मुख्य मार्ग को जाम करते हुए न्याय, कार्रवाई और मुआवजे की मांग उठाई.
सूचना मिलते ही रामगढ़ एसडीओ अनुराग तिवारी और थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय मौके पर पहुँचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया. आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त किया और यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी.
जांच में सामने आया कि सोनू राम तीन महीने से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रामगढ़ थाना में दर्ज कराई थी. पुलिस के अनुसार, रंजीत सिंह उर्फ नाना, निवासी बंगाली टोला, ने 17 सितंबर को सोनू राम की हत्या की और शव को कई टुकड़ों में काटकर श्रीकृष्णा पुरी मोहल्ले के जंगल में फेंक दिया. पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों में अब भी रोष व्याप्त है.

