
उदित वाणी, रामगढ़ : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में 5 जनवरी को बालू-कोयला कारोबारी डब्बू सिंह के घर पर राहुल दुबे गैंग द्वारा की गई गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले छह शातिर अपराधियों को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों के पास से तीन पिस्टल और 42 जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं. समय रहते कार्रवाई से रांची में एक बड़े कारोबारी की हत्या की साजिश नाकाम हो गई.
राहुल दुबे गैंग विदेश में रहकर अपनी हुकूमत चला रहा है और लगातार कारोबारियों को निशाना बना रहा है. नए युवाओं को ऊंचे सपने दिखाकर क्राइम की दुनिया में खींच रहा है. 5 जनवरी को कुजू में डब्बू सिंह के घर पर अंधाधुंध फायरिंग से इलाका दहल गया था. घटना के बाद एसआईटी गठित कर उच्चस्तरीय जांच चल रही थी.
पकड़े गए आरोपी नकुल कुमार चौहान, राजकुमार करमाली, मुकेश करमाली (कुजू क्षेत्र के निवासी), रंजीत साव (पतरातू निवासी), जसपाल और सनी सिंह (उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी) हैं. जसपाल व सनी शातिर अपराधी हैं, जो दो दिनों में रांची के एक कारोबारी की हत्या करने की फिराक में थे. रामगढ़ एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने श्याम सरोवर ढाबा, कुजू के समीप झाड़ियों से सभी को हथियारों समेत दबोच लिया. कई मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं.
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. रामगढ़ पुलिस ने गैंग की गतिविधियों पर नकेल कसने का संकल्प जताया है.

