
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 निवासी राहुल राय को हैदराबाद पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, राहुल पिछले कई वर्षों से साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह के साथ जुड़ा हुआ था और गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध करवाने का काम करता था. ठगी की रकम इन्हीं खातों में मंगवाई जाती थी, जिसके बदले उसे कमीशन के रूप में हिस्सा मिलता था.
हाल के दिनों में राहुल राय के बैंक खाते में 15 लाख रुपये की संदिग्ध राशि जमा हुई थी. इस वित्तीय गतिविधि ने हैदराबाद पुलिस को उसकी ओर ध्यान दिलाया. जांच के दौरान खातों की जानकारी और लेन-देन के विवरण से उसकी साइबर गिरोह में संलिप्तता स्पष्ट हुई. इसके बाद हैदराबाद पुलिस की टीम जमशेदपुर पहुंची और यहां एसएसपी से संपर्क कर कदमा पुलिस की मदद से उसके आवास पर छापेमारी की गई. टीम ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राहुल राय के खिलाफ पहले से भी दो मामले दर्ज हैं. हैदराबाद पुलिस ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उसे स्थानीय अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले जाया गया. पूछताछ में उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है.
अधिकारियों का कहना है कि राहुल राय लंबे समय से साइबर ठगी के जरिए अवैध कमाई कर रहा था. उसके बैंक खातों, मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों की विस्तृत जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपित से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के बाकी सदस्यों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है.
फिलहाल मामला हैदराबाद पुलिस के पास है और आगे की कानूनी कार्रवाई वहीं से सुनिश्चित की जाएगी.

