
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में सरेआम अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं. ताजा मामला आजादनगर थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार की शाम एक महिला से स्कूटी सवार तीन झपटमारों ने पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली और सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम लगभग 8 बजे किरण झा नामक महिला अपनी एक सहेली के साथ स्कूटी पर सवार होकर मंदिर से लौट रही थीं. जैसे ही वे महल रेजिडेंसी के ठीक सामने पहुँचीं, पीछे से एक अन्य स्कूटी पर सवार तीन युवक आए और झपट्टा मारकर किरण झा के हाथ से पर्स छीन लिया. पर्स में उनका मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे. वारदात के बाद तीनों बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो गए.
पीड़िता ने तत्क्षण इस घटना की सूचना आजादनगर थाना को दी. थाना पुलिस ने मामले की प्राथमिक सूचना दर्ज कर ली है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हालांकि, अब तक झपटमारों का कोई सुराग नहीं मिला है.
किरण झा ने पुलिस को बताया कि झपटमार पहले से ही पीछे से उनका पीछा कर रहे थे और सुनसान मोड़ देखकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया. घटना स्थल के पास रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे बदमाशों को आसानी हुई.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महल रेजिडेंसी क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है. पहले भी महिलाओं और राहगीरों के साथ छिनतई की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया.
इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं. आखिर कब तक सड़कों पर ऐसे झपटमार बेखौफ घूमते रहेंगे? कब तक महिलाएं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करते रहेंगे?
शहर में सीसीटीवी कैमरे लगने के बावजूद अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्ती की दरकार है, लेकिन रात्रि गश्ती केवल कागजों तक सीमित रह गई है.
आजादनगर थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है. क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और टीम गठित कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

