
उदित वाणी, चांडिल : रुचाप पंचायत अंतर्गत बनडीह गांव में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. चांडिल थाना पुलिस ने मृतका अंजली लायक के पति विजय लायक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
पिता की लिखित शिकायत पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने यह कार्रवाई मृतका के पिता चैतना लायक (निवासी–बाकोलतोड़िया, ईचागढ़) की शिकायत के आधार पर की. उन्होंने अपनी बेटी की हत्या का आरोप दामाद विजय लायक पर लगाया है.
घटना से पहले हुआ था दंपती में विवाद
सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच जोरदार विवाद हुआ था. इसी दौरान विजय लायक ने कथित रूप से पत्नी के साथ मारपीट की. इसके कुछ ही देर बाद अंजली की मौत हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. साथ ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज
पुलिस अधिकारी मामले की जांच को गंभीरता से ले रहे हैं. उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि यह आत्महत्या थी या सुनियोजित हत्या.

