
उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित इन्द्राणी इंटरप्राइजेज से ओडिशा के लिए रवाना किया गया 16 टन लोहा दीपाटोली, राँची के लाजपत राय चौक के पास तीन अलग-अलग एलपीटी ट्रकों से बरामद किया गया है. यह लोहा दुकानों के शटर निर्माण में प्रयुक्त किया जाता है. यह कार्रवाई आदित्यपुर पुलिस द्वारा कंपनी संचालक अमित केसरी की लिखित शिकायत पर की गई. पुलिस टीम उक्त तीनों ट्रकों को बरामद कर आदित्यपुर थाना परिसर ले आई है.

राजन गिरफ्तार, दो फरार – ट्रक सहित लोहा बेचने की थी तैयारी
इस मामले में पुलिस ने राजन कुमार महतो नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ जारी है. वहीं विक्की और ललितेश प्रसाद नामक दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं. जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या WB59/4171 इन्द्राणी इंटरप्राइजेज से ओडिशा भेजा गया था. लेकिन बीच रास्ते में आरोपियों ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और चालक को राँची की ओर मोड़ने को मजबूर कर दिया. लोहा बेचने की तैयारी हो रही थी, इसी दौरान पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीन अलग-अलग ट्रकों में बाँटे गए लोहे को राँची के पुंदाग क्षेत्र से जब्त कर लिया.
सूचना पर हुआ खुलासा, पुलिस ने समय रहते रोकी बड़ी धोखाधड़ी
थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की ने बताया कि लोहा जब निर्धारित समय पर ओडिशा नहीं पहुँचा, तब वहाँ के संबंधित व्यक्ति ने आदित्यपुर के व्यापारी से संपर्क किया. व्यापारी ने तत्काल थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस टीम ने लोकेशन ट्रेस करते हुए राँची के पुंदाग इलाके में लाजपत राय चौक से तीन ट्रकों को बरामद किया. यह पुलिस की सक्रियता का परिणाम था कि माल को बेचने से पहले ही पूरे मामले का खुलासा हो गया.

